रबी सीजन में उर्वरक आपूर्ति व वितरण पार्दर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कृषि आदान निरीक्षकों द्वारा किया जा रहा है उर्वरक विक्रेताओं का सघन निरीक्षण

रबी सीजन में किसानों को मांग अनुरूप मिलेगा डीएपी व यूरिया-उर्वरक की पर्याप्त व्यवस्था

बीकानेर, 19 अक्टूबर। कृषि आयुक्त श्री नरेश कुमार गोयल के निर्देशानुसार जिले के समस्त कृषि आदान निरीक्षकों द्वारा राज एग्री क्यूसी ऐप से उर्वरकों का ऑनलाइन निरीक्षण किया जाना है।

संयुक्त निदेशक (कृषि) श्री मदनलाल ने बताया कि रबी सीजन में उर्वरक आपूर्ति व वितरण पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु कृषि आदान निरीक्षकों द्वारा अब तक 92 कृषि आदान विक्रेताओं का सघन निरीक्षण किया जा चुका है। शेष का निरीक्षण निर्देशानुसार किया जा रहा है। इसके मद्देनजर कृषि आदान निरीक्षकों को निर्देशित किया गया कि आगामी दो दिवस में सभी उर्वरक विक्रेताओं का शत-प्रतिशत निरीक्षण सुनिश्चित करें।

वर्तमान में रबी सीजन में बुवाई प्रारंभिक अवस्था में है, जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। जिले में यूरिया 11559 मै.टन, डीएपी 1899 मै.टन, एसएसपी 4355 मै.टन, एनपीके 1675 मै.टन व एमओपी 587 मै.टन उपलब्ध है। गुण नियंत्रण कार्यक्रम को ओर अधिक सशक्त /प्रभावी बनाने, निरीक्षण प्रकिया को पारदर्शी बनाने एवं कृषि आदान विकेताओं की रियल टाईम मोनिटरिंग हेतु मोबाईल ऐप विकसित किया गया है।

उद्यान विभाग के सहायक निदेशक श्री मुकेश गहलोत ने बताया कि उर्वरकों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा अनियमितता पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिये कृषि विभाग द्वारा विशेष रबी गुण नियंत्रण अभियान संचालित किया जा रहा है। गुणवत्ता नियंत्रण के लिए कृषि आदान निरीक्षकों द्वारा औचक निरीक्षण किये जा रहे हैं। उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण एवं आपूर्ति की निरंतर निगरानी की जा रही है। जिससे किसानों को समय पर गुणवत्ता युक्त उर्वरक मिल सके। उर्वरकों के साथ अन्य उत्पादों की टेगिंग रोकने के लिये विभाग द्वारा सख्त निर्देश जारी किये गये हैं। कृषि आदान विक्रेता स्तर पर अनियमितता पाये जाने पर नियमानुसार विक्रेता के विरूद्ध विभाग द्वारा कठोर कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *