मुख्यमंत्री सुपोषण न्यूट्री किट योजना से मिली मातृत्व पोषण की सौगात
ग्रामीण सेवा शिविर में ग्राम पंचायत डेलीतलाई की गर्भवती महिलाओं के लिए खुशियों की नई सौगात लाया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सुपोषण न्यूट्री किट योजना के तहत लाभार्थी धापू देवी पत्नी ओमा राम को पौष्टिक आहार से युक्त न्यूट्री किट प्रदान की गई।
धापू देवी ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक भोजन की आवश्यकता होती है, लेकिन आर्थिक परिस्थितियों के कारण कई बार पर्याप्त पोषण मिलना कठिन हो जाता है। राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई न्यूट्री किट से उन्हें और उनके होने वाले शिशु को आवश्यक पोषण मिलेगा, जिससे स्वस्थ मातृत्व की दिशा में बड़ा सहयोग प्राप्त होगा।
किट में 1 किलोग्राम देशी घी, 500 ग्राम पिंड खजूर, 500 ग्राम रोस्टेड मूंगफली, 500 ग्राम रोस्टेड चना, 500 ग्राम गुड़ लड्डू वाला तथा 100 ग्राम फूल मखाने सहित कुल 3 किलो 100 ग्राम पौष्टिक सामग्री उपलब्ध कराई गई।
इसी शिविर में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना 2.0 के तहत गर्भवती महिलाओं के आवेदन भी ऑनलाइन किए गए, जिससे उन्हें 3 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि का लाभ मिल सकेगा।
