बीकानेर संभाग के 10 हजार व्यावसायिक वाहन चालकों को मिलेगी निःशुल्क रिफ्रेशर ट्रेनिंग
ट्रांसपोर्ट नगर बिछवाल में हेवी लाइसेंसधारक चालकों के लिए प्रशिक्षण एवं सर्टिफिकेशन कार्यक्रम का शुभारंभ
निशुल्क पूर्व पंजीकरण के लिए मोबाइल नंबर 9928770789 एवं 9252072769 पर करें संपर्क
10,000 commercial vehicle drivers in the Bikaner division will receive free refresher training.
बीकानेर, 16 नवम्बर। जिला सड़क सुरक्षा समिति तथा परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग की प्रेरणा से श्रीगंगानगर रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर, बिछवाल में हेवी ड्राइविंग लाइसेंसधारक व्यावसायिक वाहन चालकों के लिए निःशुल्क एक दिवसीय रिफ्रेशर ट्रेनिंग एवं सर्टिफिकेशन कार्यक्रम का सोमवार को शुभारंभ किया गया। जिला सड़क सुरक्षा समिति, परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग, पुलिस विभाग, श्रीराम फाइनेंस सेवा संकल्प, डीबी स्किल तथा रीजनल ड्राइविंग ट्रेनिंग सिंगावल, अजमेर की प्रबंधन संस्था वाहन चालक कौशल विकास संस्थान सिंगावल के उप केंद्र रीजनल ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान के तहत बीकानेर संभाग के लगभग 10 हजार व्यावसायिक वाहन चालकों को प्रशिक्षित एवं प्रमाणित करने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम का उद्देश्य ट्रक, ट्रेलर, बस, टैक्सी, टैंकर, स्कूल बस, बालवाहिनी सहित अन्य व्यावसायिक वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा, सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार, यातायात नियमों, दुर्घटना रोकथाम तथा सड़क सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करने के साथ उनके कौशल को उन्नत करना है।
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर (रोड सेफ्टी) डॉ. वीरेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि मई 2024 में प्रारंभ किए गए इस अभियान के तहत अब तक राजस्थान में लगभग 35 हजार व्यावसायिक वाहन चालकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। वर्तमान में प्रदेश के आठ स्थानों पर यह कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। बीकानेर संभाग में 10 हजार हेवी लाइसेंसधारक व्यावसायिक वाहन चालकों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने चालकों से प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने वाहन चालकों को गति सीमा का पालन, लेन अनुशासन, रक्षात्मक ड्राइविंग तथा ड्राइवर शिष्टाचार की जानकारी देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए चालकों का नियमित प्रशिक्षण और कौशल संवर्धन बेहद जरूरी है। उन्होंने ड्राइविंग लाइसेंस के नवीनीकरण तथा मोटर वाहन नियमों के अनुरूप चालकों को समय-समय पर अपडेट रखने में रिफ्रेशर ट्रेनिंग की महत्ता भी बताई।
प्रादेशिक परिवहन एवं सड़क सुरक्षा अधिकारी श्री अनिल पंड्या ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और नियमित प्रशिक्षण से कुशल चालक तैयार किए जा सकते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने इसे संभाग के हेवी लाइसेंसधारक वाहन चालकों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए अधिकाधिक चालकों एवं ट्रांसपोर्टरों से इसका लाभ लेने की अपील की।
यातायात पुलिस उप अधीक्षक श्रीमती शालिनी बजाज ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों की पालना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। प्रशिक्षित एवं कुशल वाहन चालक सुरक्षित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि बीकानेर क्षेत्र में अधिकाधिक चालकों को इस प्रशिक्षण से जोड़ने के लिए पुलिस विभाग पूरा सहयोग करेगा।
यातायात निरीक्षक श्री कानाराम ने कहा कि तेज गति, लापरवाही तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। विशेष रूप से बालवाहिनी एवं स्कूल वाहन चालकों के लिए नियमित रिफ्रेशर प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आयोजकों की पहल की सराहना करते हुए जिले के थानाधिकारियों के माध्यम से अधिकाधिक चालकों को प्रशिक्षण से जोड़ने में सहयोग का आश्वासन दिया।
जिला परिवहन अधिकारी श्री संजीव चौधरी ने डीबी स्किल, श्रीराम सेवा संकल्प टीम एवं आरडीटीसी सिंगावल की टीम का बीकानेर के वाहन चालकों के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ करने पर आभार व्यक्त किया।
स्मार्ट क्लासरूम में प्रशिक्षण, मिलेगा भारत सरकार का लेवल-4 प्रमाणपत्र
श्री राठौड़ ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा स्मार्ट क्लासरूम के माध्यम से आधुनिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रतिभागियों को निःशुल्क ड्राइवर किट (कैप, बैग, टी-शर्ट एवं कंबल), भोजन एवं चाय उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा एवं बीमा योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है।
प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में सफल प्रतिभागियों को कौशल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) एवं लॉजिस्टिक्स सेक्टर स्किल काउंसिल (LSC) से मान्यता प्राप्त एनएसक्यूएफ लेवल-4 का प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा, जिसे कक्षा 12वीं के समकक्ष बताया गया है। आयोजकों के अनुसार यह प्रमाणपत्र भारत के साथ खाड़ी देशों सहित 90 से अधिक देशों में मान्य है।
सोमवार से शुक्रवार तक होगा प्रशिक्षण
श्री राठौर ने बताया कि डीबी स्किल के मास्टर ट्रेनर श्री रविकांत सोनी एवं समन्वयक श्रीमती नंदिनी जोशी द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। मोबिलाइजर श्री सरजीत सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण प्रतिदिन सोमवार से शुक्रवार प्रातः 9 से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार प्रतिदिन अधिकतम 27 व्यावसायिक वाहन चालकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इच्छुक चालक अपने वैध हेवी ड्राइविंग लाइसेंस एवं आधार कार्ड के साथ पंजीकरण करवा सकते हैं। पूर्व पंजीकरण के लिए मोबाइल नंबर 9928770789 एवं 9252072769 पर संपर्क किया जा सकता है।
मोबिलाइजर श्री मुकुंद खंडेलवाल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। आयोजकों द्वारा जिलेभर में वाहन चालकों के बीच जनसंपर्क कर पेम्पलेट एवं प्रचार सामग्री वितरित की जा रही है तथा अधिकाधिक व्यावसायिक वाहन चालकों से इस निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में डीबी स्किल की समन्वयक श्रीमती नंदिनी जोशी, ट्रेनर श्री रविकांत सोनी, स्थानीय समन्वयक श्री विनोद राठौड़, आरडीटीसी सिंगावल के परियोजना सह-समन्वयक श्री प्रहलाद जाट, बजरी ट्रक यूनियन के श्री उम्मेद सिंह भाटी तथा सर्वधर्म सेवा समिति के सचिव श्री जेठमल सोलंकी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
10,000 commercial vehicle drivers in the Bikaner division will receive free refresher training.
