जान की परवाह किए बिना हेड कांस्टेबल राजाराम ने नहर में छलांग लगाकर बचाई युवक की जान

जान की परवाह किए बिना हेड कांस्टेबल राजाराम ने नहर में छलांग लगाकर बचाई युवक की जान

जान की परवाह किए बिना हेड कांस्टेबल राजाराम ने नहर में छलांग लगाकर बचाई युवक की जान
• रात के अंधेरे और तेज बहाव के बीच किया साहसिक रेस्क्यू, थेगड़ा शिव मंदिर के पास युवक को सुरक्षित बाहर निकाला; सराहनीय कार्य के लिए होंगे पुरस्कृत

जयपुर, 14 नवम्बर। कोटा शहर पुलिस के हेड कांस्टेबल राजाराम ने अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए चंबल की दाईं मुख्य नहर के तेज बहाव में बह रहे एक युवक को अपनी जान जोखिम में डालकर सकुशल बाहर निकाल लिया। रात्रि के अंधेरे में चलाए गए इस साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन से युवक का जीवन बच गया।
पुलिस अधीक्षक कोटा शहर तेजस्वनी गौतम ने बताया कि 13 नवम्बर 2026 को कमलजीत सिंह बरार ने थाना बोरखेड़ा में सूचना दी कि उनके परिजन राजा सिंह बरार (36) पुत्र अवतार सिंह निवासी प्रोफेसर कॉलोनी बोरखेड़ा कोटा सुबह करीब 9 बजे काले रंग की मारुति अर्टिगा कार से गुमानपुरा जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वहां नहीं पहुंचे। दोपहर करीब 12 बजे के बाद उनका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा। इस पर पुलिस ने तत्काल गुमशुदा युवक की तलाश शुरू की और कंट्रोल रूम के माध्यम से जिले के सभी थानों को सूचना देकर सघन तलाश करवाई।
इसी दौरान 14 नवम्बर की रात्रि करीब 12:25 बजे परिवादी कमलजीत सिंह बरार ने पुलिस को सूचना दी कि राजा सिंह बरार स्टील ब्रिज के पास चंबल की दाईं मुख्य नहर में गिर गए हैं और डूब रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना बोरखेड़ा की चेतक पर तैनात प्रभारी हेड कांस्टेबल राजाराम (नंबर 86), जिनकी लोकेशन स्टील ब्रिज के पास ही थी, तत्काल मौके पर पहुंचे।
मौके पर राजा सिंह नहर के तेज बहाव में बहते हुए दिखाई दिए। रात का अंधेरा और नहर का अत्यधिक तेज बहाव रेस्क्यू के लिए बड़ी चुनौती थे। इसके बावजूद हेड कांस्टेबल राजाराम ने बिना अपनी जान की परवाह किए नहर में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने युवक को नियंत्रित किया और थेगड़ा शिव मंदिर के पास नहर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद पुलिस ने परिजनों की सहायता से युवक को तत्काल उपचार के लिए सुधा हॉस्पिटल भिजवाया।
हेड कांस्टेबल राजाराम ने त्वरित निर्णय लेते हुए जिस साहस और तत्परता से युवक की जान बचाई, वह कोटा पुलिस की कर्तव्यपरायणता, मानवीय संवेदनशीलता और आमजन की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण है। उनके इस सराहनीय कार्य के लिए उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *